धनबाद के रेलकर्मियों को बहुत जल्द मिलेगा अपग्रेडेशन का लाभ, पढ़िए क्या है तैयारी 

    धनबाद के रेलकर्मियों को बहुत जल्द मिलेगा अपग्रेडेशन का लाभ, पढ़िए क्या है तैयारी

    धनबाद(DHANBAD):  ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के अपर महामंत्री  मो ज़्याऊद्दीन ने  धनबाद मंडल के विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों के अपग्रेडेशन मामले पर उच्च स्तरीय बैठक की.   पिछले काफी दिनों से यह मामला प्रशासनिक स्तर पर कई बाध्यताओं के कारण अंतिम रूप नहीं ले पा रहा था.  इस विषय पर मान्यता प्राप्त संगठन ईसीआरकेयू के मो ज़्याऊद्दीन ने धनबाद के मंडल रेल प्रबंधक  के समक्ष इस विषय पर आवश्यक पहल करते हुए संबंधित रेलकर्मियों को जल्द से जल्द इसका लाभ देने का  मामला उठाया था.  इसी के तहत यूनियन  के मंतव्य और सहमति प्राप्त करने के लिए  अपर मंडल रेल प्रबंधक  अमित कुमार की अध्यक्षता में वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी  अजीत कुमार ने सभी संबंधित शाखा अधिकारियों और ईसीआरकेयू के पी एन एम प्रभारी मो ज़्याऊद्दीन को बुलाकर बैठक की. बैठक में अपग्रेडेशन से जुड़े  सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई.  

     प्वाइंट्स मैन की पदोन्नति भी है लंबित 

    उक्त जानकारी देते हुए मो ज़्याऊद्दीन ने बताया कि बैठक में ईसीआरकेयू ने यह स्पष्ट किया है कि अपग्रेडेशन के लिए रेलवे बोर्ड ने जो दिशा निर्देश जारी किए हैं, उसका पूरी तरह से पालन किया जाना चाहिए.  जरुरत पड़ी  तो इस विषय को आवश्यक अनुमोदन के लिए मुख्यालय में महाप्रबंधक के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए.  उन्होंने यह भी स्पष्ट रूप से विचार व्यक्त किया कि विभिन्न सेक्शनों और स्टेशनों पर अपने दौरे के दौरान  यह पाया गया है कि मंडल के प्वाइंट्स मैन की पदोन्नति काफी समय से नहीं हो पा रही है.  जिससे उनमें काफी असंतोष है. 

    अधिकारियो ने दिया है भरोसा 
     
    इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने अपग्रेडेशन की प्रक्रिया के साथ साथ प्वाइंट्स मैन के पदोन्नति पर भी आवश्यक पहल करने का भरोसा जताया है.  मो ज़्याऊद्दीन के अतिरिक्त इस विशेष बैठक में धनबाद मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक ( इन्फ्रा)  अमित कुमार, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी  अजीत कुमार, वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक  अंजय तिवारी, वरीय मंडल संकेत व दूर संचार अभियंता  गौतम गुप्ता तथा ईसीआरकेयू के केन्द्रीय संगठन मंत्री सौमेन दत्ता उपस्थित रहे.  उक्त जानकारी ईसीआरकेयू /  एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओ पी शर्मा तथा धनबाद मंडल के ईसीआरकेयू मीडिया प्रभारी एन के खवास ने दी है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो



    Related News