सदन में गूंजी लिट्टीपाड़ा हिरणपुर पाकुड़ सड़क की बदहाली, जल्द मरम्मत की मांग

    सदन में गूंजी लिट्टीपाड़ा हिरणपुर पाकुड़ सड़क की बदहाली, जल्द मरम्मत की मांग

    पाकुड़(PAKUR):पाकुड़ जिले के धर्मपुर मोड़ से लिट्टीपाड़ा, लिट्टीपाड़ा से हिरणपुर होते हुए पाकुड़ तक जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत का मुद्दा अब सदन तक पहुंच गया है.लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा में इस सड़क की खराब स्थिति को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा. विधायक ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाती है, लेकिन फिलहाल इसकी हालत बेहद खराब है.

    आवाजाही में भारी परेशानी

     सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी डामर और जलजमाव के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है.कई स्थानों पर वाहन चलाना तक मुश्किल हो गया है उन्होंने बताया कि सड़क की बदहाली से मरीजों, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को रोजाना जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है. इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. 

    जल्द मरम्मत की मांग

    विधायक हेमलाल मुर्मू ने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि संबंधित विभाग जल्द सड़क का सर्वे कराकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत और अनुरक्षण कार्य शुरू करे साथ ही भविष्य में स्थायी समाधान के लिए सड़क के सुदृढ़ीकरण की भी जरूरत बताई.इधर, सड़क की खराब स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों में भी आक्रोश है. अब लोगों की नजर सरकार की कार्रवाई पर टिकी है कि इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत का काम कब शुरू होता है.

    रिपोर्ट: विकास कुमार



    Related News