रांची (RANCHI): सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में एक घर में आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना की सूचना पीड़ित ने सोशल मीडिया के माध्यम से रांची पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की.
मिली जानकारी के अनुसार, सुखदेव नगर इलाके में रहने वाले 34 वर्षीय अमित कुमार को अपने पड़ोसी के घर में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पीड़ित ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस को बताया था कि 10 मार्च की रात उसके घर में आग लगाने की कोशिश की गई, जिससे उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची गई थी.
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया. फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा था. सोशल मीडिया के जरिए मिली सूचना पर सुखदेव नगर थाना पुलिस ने पीड़ित को थाने में लिखित शिकायत देने के लिए कहा. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी और पीड़ित पहले से एक-दूसरे को जानते थे. कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि आरोपी का कहना है कि पीड़ित उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था, जिससे वह नाराज था. इसी वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया.
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी अमित कुमार ने बताया कि उसने गुस्से में आकर पीड़ित को सबक सिखाने के उद्देश्य से उसके घर में आग लगा दी. उसने यह भी कहा कि इस बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था.
इस आगजनी की घटना में पीड़ित के घर में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया. घटना के बाद आरोपी जब वहां से निकल रहा था, तभी उसकी हरकत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


