15 फरवरी तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा लोकभवन उद्यान, बढ़ती भीड़ को देख राज्यपाल ने लिया बड़ा फैसला


रांची (RANCHI): आम नागरिकों की बढ़ती रुचि और उत्साह को देखते हुए लोक भवन, रांची स्थित उद्यान के भ्रमण की अवधि बढ़ा दी गई है. माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पूर्व निर्धारित तिथि में विस्तार करते हुए उद्यान को अब 15 फरवरी 2026 तक आम लोगों के लिए खुला रखने का निर्देश दिया है.
इससे पहले लोक भवन उद्यान को 2 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक आम नागरिकों के भ्रमण के लिए खोला गया था. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उद्यान देखने पहुंचे, जिससे इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई. नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और सहभागिता को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल ने इसे एक सप्ताह और खोलने का निर्णय लिया है.
राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लोक भवन उद्यान अब 15 फरवरी 2026 तक आम नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेगा. उद्यान भ्रमण का समय पूर्व की तरह ही प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित रहेगा.
उद्यान देखने के इच्छुक नागरिकों को लोक भवन के गेट संख्या 2 से प्रवेश करना होगा. प्रवेश से पहले सभी आगंतुकों की सुरक्षा जांच की जाएगी. सुरक्षा कारणों से अपराह्न 1 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, इसके बाद किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा.
लोक भवन उद्यान अपनी हरियाली, सुसज्जित लैंडस्केप और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. यहां भ्रमण के दौरान लोग प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ राजकीय भवन के ऐतिहासिक और प्रशासनिक महत्व से भी रूबरू हो रहे हैं. उद्यान के खुलने से रांचीवासियों के साथ-साथ आसपास के जिलों से आने वाले पर्यटकों को भी खास अनुभव मिल रहा है.
प्रशासन ने नागरिकों से तय समय और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि सभी लोग सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से उद्यान का आनंद ले सकें.
4+