चाईबासा (CHAIBASA): राज्य सरकार ने जगन्नाथपुर प्रखंड परिसर के अधिकारी और अंचल कर्मियों की लेट-लतीफी और आने-जाने में देरी के बहानों का समाधान ढूंढ निकाला. सरकार ने प्रखंड परिसर में ही कर्मियों के लिए आवास की सुविधा देने का फैसला लिया. इसके लिए राज्य सरकार ने 5.34 करोड़ के प्रोजेक्ट को हरी झंड़ी भी दे दी. जिसके बाद आवास के शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ. सांसद गीता कोड़ा, विधायक सोनाराम सिंकु और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने आवास का शिलान्यास किया. वहीं शिलान्यास कार्यक्रम के बाद जरुरतमंद 300 वृद्ध वृद्धाओ के बीच धोती साड़ी का वितरण किया गया.
ग्रामीणों को करना पड़ता था लंबा इंतजार
कई बार अधिकारी और अंचल कर्मियों को प्रखंड तक पहुंचने में देरी हो जाती थी. प्रखंड या जगन्नाथपुर में किसी अधिकांश अधिकारियों और कर्मियों कोई आवास नहीं था. ऐसे में अधिकारी और कर्मी चाईबासा में मकान लेकर रहते हैं. और रोज़ाना चाईबासा से प्रखंड की 65 किमी की दूरी तय करने में देरी होती थी. इस दौरान कार्यालय में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों को लंबा इंतजार कराना पड़ता था. इसके बाद भी उनका काम सही समय पर नहीं हो पाता था. लेकिन सरकार हर किसी को विकास से जोड़कर राज्य को आगे बढ़ा रही है. यही कारण है कि राज्य सरकार ने जगन्नाथपुर प्रखंड परिसर में ही 5.34 करोड़ की लागत से अधिकारी और अंचल कर्मियों के लिए आवास निर्माण का फैसला लिया.
राज्य में तेजी से विकास का काम कर रही सरकार - सांसद गीता कोड़ा
इस मौके पर सांसद गीता कोड़ा ने अंचल कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि गठबंधन की सरकार राज्य में तेजी से विकास का कार्य कर रही है. इसी का नतीजा है कि आज जगन्नाथपुर प्रखंड परिसर में प्रखंड और अंचल कर्मियों के लिए आवास का शिलान्यास किया गया है. जिससे प्रखंड के अधिकारी और कर्मचारी प्रखंड परिसर में ही रहकर लोगों के विकास कार्य कर सकें. सरकार हर किसी को विकास से जोड़कर राज्य को आगे बढ़ा रही है. पिछले बार जनता आपके द्वार कार्यक्रम के तहत लाखों लोगों को इसका सीधा फायदा पहुंचा गया. इसी बार भी सरकार कि यही सोच है कि लाभुकों को उनका उचित लाभ दिया जाए. उन्होंने अधिकारी और अंचल कर्मियों को उनकी जिम्मेदारी का ऐहसास करवाते हुए कहा कि सरकार की योजना गांव-गांव तक पहुंचाने का जिम्मा अधिकारियों पर है. अधिकारी कर्मचारी भी अपने कार्य के प्रति सजग होकर जिम्मेदारी निभाएं और सरकार का सहयोग करें.
खत्म हुई आवास की समस्या
वहीं जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि प्रखंड और अंचल कर्मियों के रहने के लिए कोई जगह नहीं थी, जो एक बड़ा समस्या बनी हुई थी. लेकिन अब उन लोगों के लिए सरकार आवास का निर्माण कर रही है. ऐसे में कर्मी प्रखंड परिसर में ही रहकर लोगों के विकास कार्य कर सकते हैं. कहा कि कार्यकारी एजेंसी गुणवत्तापूर्ण कार्य को अंजाम दें, साथ ही समय के साथ इसे पूरा करें.
रिपोर्ट: संतोष वर्मा, चाईबासा
Thenewspost - Jharkhand
4+

