गढ़वा(GARHWA):झारखंड के गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है.यहां भीषण गर्मी के बीच मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल में लगे पंखे और एसी बंद पड़े है, जिससे हालात और भी खराब हो गए है.बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बताया जाता है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है.
ऑपरेशन थिएटर में भी बंद पड़े है पंखे और ऐसी
ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में जहां मरीजों का इलाज चल रहा है, वहीं उनके परिजन गर्मी से राहत पाने के लिए खुद ही हाथ से बने पंखे का सहारा ले रहे है.वे मरीजों को हवा कर रहे है ताकि उन्हें थोड़ी राहत मिल सके.हैरानी की बात यह है कि उसी ओटी रूम में एसी और पंखे लगे हुए है, लेकिन वे काम नहीं कर रहे.इससे यह सवाल उठता है कि जब जरूरी उपकरण मौजूद है, तो उनका उपयोग क्यों नहीं हो रहा.लोग इसे सिर्फ दिखावा बता रहे है.
लापरवाही से बिगड़ सकती है मरीजों की हालत
मरीजों के परिजनों का कहना है कि भीषण गर्मी में इस तरह की लापरवाही से मरीजों की हालत और बिगड़ सकती है उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है.इस मामले पर गढ़वा के उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल के कई हिस्सों में पंखे और एसी चल रहे है जहां भी खराबी है, उसे जांचकर जल्द ठीक कराया जाएगा.कुल मिलाकर, इस घटना ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत को सामने ला दिया है, जहां सुविधाएं होने के बावजूद उनका सही इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है.
रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार


