चक्रवाती तूफान का असर कम हुआ,धूप तो खिली लेकिन अब शीतलहर का बढ़ेगा जोर,फसलों के नुकसान से किसान चिंतित 

    चक्रवाती तूफान का असर कम हुआ,धूप तो खिली लेकिन अब शीतलहर का बढ़ेगा जोर,फसलों के नुकसान से किसान चिंतित

    धनबाद(DHANBAD): शुक्रवार से चक्रवाती तूफान का प्रभाव कम हो गया है. आज सुबह हल्की धूप निकली है, लेकिन मंगलवार से शुरू बारिश गुरुवार रात तक जारी रही. लगातार बारिश से ठंड ने भी रफ्तार पकड़ ली है .तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है.  लगातार बारिश से कोयलांचल के कई इलाकों में जमीन के भीतर से जहरीली गैस निकल रही है. कई जगहों पर धसान का खतरा बढ़ गया है. अग्नि प्रभावित इलाकों में जमीन दरकने लगी है. अगल-बगल रह रहे लोगों में दहशत का माहौल है. अग्नि प्रभावित इलाकों के अगल-बगल  घर में रहने वाले खतरा बढ़ने की चिंता से परेशान है.

    बारिश से फसलों को हुआ नुकसान 

    इधर लगातार बारिश से कोलियरियों का उत्पादन और डिस्पैच भी प्रभावित हुआ है. बारिश से फसलों का भी नुकसान हुआ है. धान कटनी के बाद जिनके खेतों में धान के फसल पड़े हुए हैं, उनको भारी नुकसान हुआ है. खेतों में पानी भर जाने से फसल बर्बाद हो गए हैं. शादी विवाह के भी तेज लग्न है. विवाह घरों में भी परेशानी है. बिजली संकट इसमें सबसे अधिक परेशानी पैदा कर रहा है .बिजली संकट के कारण लोगों को पानी संकट का भी सामना करना पड़ रहा है.  मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसंबर तक धनबाद का मौसम ऐसा ही रहेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी होगी .ठंड भी बढ़ेगी. 13 दिसंबर के बाद संभव है कि पूरे उत्तर भारत में शीतलहर चले. इस दौरान तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज होगी.

     रिपोर्ट: धनबाद ब्यूरो 



    Related News