कोलकाता में दिखेगी झारखंड की कला की चमक, थिएटर रोड पर खुला झारक्राफ्ट का नया इम्पोरियम, मंत्री संजय यादव ने किया उद्घाटन

    कोलकाता में दिखेगी झारखंड की कला की चमक, थिएटर रोड पर खुला झारक्राफ्ट का नया इम्पोरियम, मंत्री संजय यादव ने किया उद्घाटन

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारक्राफ्ट ने अब पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है. बुधवार को कोलकाता के प्रतिष्ठित थिएटर रोड पर झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का भव्य उद्घाटन किया गया. इस मौके पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने फीता काटकर नए शोरूम की शुरुआत की. उद्घाटन समारोह में उद्योग सचिव अरवा राजकमल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

    उद्घाटन के दौरान उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि यह इम्पोरियम सिर्फ बिक्री केंद्र नहीं, बल्कि झारखंड के हजारों कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच है. उन्होंने कहा कि झारक्राफ्ट लगातार राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का काम कर रहा है. इससे ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती मिलेगी.

    Image

    मंत्री ने कहा कि कोलकाता जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम की शुरुआत झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने बताया कि झारखंड तसर सिल्क, डोकरा कला, बांस और लकड़ी के शिल्प, हथकरघा उत्पादों और जनजातीय संस्कृति के लिए देशभर में खास पहचान रखता है. अब इन उत्पादों को कोलकाता जैसे बड़े बाजार में नई पहचान और ग्राहकों का बड़ा दायरा मिलेगा.

    इस अवसर पर उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि कोलकाता लंबे समय से कला, साहित्य और संस्कृति का प्रमुख केंद्र रहा है. ऐसे शहर में झारक्राफ्ट की मौजूदगी दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का काम करेगी. उन्होंने कहा कि यहां ग्राहकों को झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा.

    Image

    वहीं, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह ने कहा कि आने वाले समय में देश के अन्य महानगरों में भी नए इम्पोरियम खोलने की योजना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि कोलकाता में शुरू हुआ यह नया शोरूम लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय होगा. झारक्राफ्ट के इस इम्पोरियम में तसर सिल्क साड़ियां, डिजाइनर कुर्ती, सलवार सूट, स्कार्फ, शॉल, कुर्ता, बंडी, लेदर बैग और हस्तशिल्प से जुड़े कई आकर्षक उत्पाद ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी देश-विदेश में पहले से काफी मांग है.



    Related News