नगर निगम चुनाव में गरमाया माहौल, वोटिंग के बीच हुआ बवाल, समर्थकों में जमकर हुई मारपीट, देखें वीडियो

    धनबाद (DHANBAD): नगर निगम चुनाव के दौरान सूसनीलेवा नाग नगर में मतदान के बीच अचानक तनाव की स्थिति पैदा हो गई. बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में कहासुनी हुई जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई. स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और माहौल को शांत कराने की कोशिश की.

    बताया जा रहा है कि वार्ड पार्षद प्रत्याशी शिल्पी कुमारी के प्रतिनिधि की मौजूदगी को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई. आरोप है कि मतदान केंद्र के समीप अनावश्यक भीड़ जुटाई जा रही थी और हस्तक्षेप की कोशिश की जा रही थी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ी. इसी दौरान कुछ लोगों ने प्रतिनिधि को दौड़ाकर मारपीट की और बूथ परिसर से बाहर कर दिया.

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और समझाइश देकर मामला शांत कराया. एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.

    घटना के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद मतदान दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो गया. फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस सतर्क निगरानी बनाए हुए है. 

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news