दस दिन पहले जेल से छूटे युवक पर अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, मौत


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर में सोमवार दिनदहाड़े अपराधियों का तांडव देखने को मिला. दुर्गा पूजा पंडाल घूमने पहुंचे रंजीत सिंह पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई. रंजीत सिंह कुछ दिनों पहले ही जेल से छूट कर वापस लौटा था. घायल रंजीत को आनन-फानन में टीएमएच अस्पताल पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
20 सितंबर को आया था जेल से बाहर
जानकारी के अनुसार रंजित सिंह 20 सितंबर को ही जेल से छूटकर बाहर आया है. जो टेल्को थाना अंतर्गत सबुज कल्याण दुर्गा पूजा पंडाल में घूमने पहुंचा था. यहां वह कुछ लड़कों से बातचीत कर रहा था. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उस पर फायरिंग कर दी. घटना में रंजित गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया. जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया. वहीं गोलियों की आवाज़ सुनकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया. घटना की सूचना पाकर सिटी एसपी के विजय शंकर टीएमएच पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
4+