बच्चों को पढ़ाएं, खेती पर जोर लगाएं, जानिए शिबू सोरेन ने कब और कहां कही यह बातें


धनबाद (DHANBAD) : झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में पहुंचे पार्टी के अध्यक्ष शिबू सोरेन अस्वस्थ नजर आ रहे थे. उम्र का प्रभाव भी दिख रहा था, फिर भी लोगों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि धनबाद में कोयला की खदान हैं, खदानों के लिए जमीन हमारी गई लेकिन उसमें काम बाहर के लोग कर रहे हैं. झारखंड को बचाना है तो जल, जंगल और जमीन को बचाना होगा. उन्होंने लोगों से खेती को बढ़ावा देने की अपील की. कहा कि आप खेती पर जोर लगाए ,सरकार आपको सिंचाई समेत दूसरी सुविधाएं देगी. शिबू सोरेन ने कहा कि अगर आप अपना हक लेना चाहते हैं तो बच्चे को पढ़ाएं, बिना पढ़े बच्चे आगे नहीं बढ़ सकते.
भाषण के साथ कार्यक्रम का समापन
झामुमो का 44वां स्थापना दिवस कार्यक्रम का समापन भी शिबू सोरेन के भाषण के साथ ही हुआ. शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन कार्यक्रम स्थल पर थोड़ा विलंब से पहुंचे. 3:20 पर शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन कार्यक्रम स्थल पर आए. 3:35 पर सीएम का भाषण शुरू हुआ और 4:20 बजे सीएम का भाषण खत्म हो गया. उसके बाद 4:30 बजे शिबू सोरेन ने बोलना शुरू किए, लगभग 15 मिनट तक उन्होंने लोगों को संबोधित किया. विनोद बिहारी महतो का नाम सिर्फ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ही लिया. उन्होंने कहा कि बाहर से आकर राज करने वाले भाजपा के लोग झारखंड के लोगो को नासमझ समझते हैं. उन्हें नहीं पता कि इन्हीं नासमझ लोगों के बीच से ही सिद्धों कान्हो, बिनोद बिहारी महतो, तिलकामांझी जैसे लोग निकलेंगे और उनका विरोध करेंगे.
रिपोर्ट : सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+