टाटा समूह का झारखंड में बड़ा निवेश, मुख्यमंत्री संग बैठक में तय हुआ एजेंडा

    टाटा समूह का झारखंड में बड़ा निवेश, मुख्यमंत्री संग बैठक में तय हुआ एजेंडा

    रांची (RANCHI): झारखंड में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में टाटा समूह ने बड़े निवेश की घोषणा की है. इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा समूह के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक के बाद प्रेस वार्ता में राज्य के विकास से जुड़े कई अहम बिंदुओं की जानकारी साझा की गई.

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि टाटा समूह न केवल झारखंड, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान रखता है. राज्य के औद्योगिक इतिहास में टाटा की भूमिका अहम रही है और आने वाले समय में यह साझेदारी और मजबूत होगी. उन्होंने भरोसा जताया कि टाटा समूह झारखंड के साथ मिलकर निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा.

    टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि समूह की जड़ें झारखंड से जुड़ी हैं और राज्य उनके लिए घर जैसा है. उन्होंने बताया कि टाटा स्टील और टाटा मोटर्स समेत समूह की कई इकाइयां पहले से यहां संचालित हैं. अब राज्य को और विकसित बनाने के उद्देश्य से नई परियोजनाओं पर काम किया जाएगा.

    उन्होंने जानकारी दी कि जमशेदपुर में करीब 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से एक नए प्लांट की स्थापना की योजना है. साथ ही टाटा मोटर्स की विभिन्न इकाइयों का विस्तार भी प्रस्तावित है. कौशल विकास, ज्ञान आधारित पहल और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. टाटा समूह और राज्य सरकार के बीच यह सहयोग झारखंड को औद्योगिक और आर्थिक रूप से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

    रिपोर्ट : समीर हुसैन


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news