धनबाद (DHANBAD): सहित पूरे राज्य में रसोई गैस की कमी को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति पर पड़े असर के कारण अब राशन कार्डधारियों को केरोसिन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है. सरकारी योजना के तहत झारखंड में कुल 9.72 लाख लीटर केरोसिन का आवंटन किया गया है, जिसमें धनबाद जिले को 72 हजार लीटर तेल मिलेगा. इसमें से 48 हजार लीटर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए और 24 हजार लीटर अन्य इलाकों के लिए निर्धारित किया गया है.
इस फैसले के बाद ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को फिलहाल खाना बनाने के लिए एलपीजी गैस के बजाय स्टोव का सहारा लेना पड़ सकता है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकता के आधार पर गांवों में केरोसिन की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी न हो.
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सभी राज्यों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं. मंत्रालय के अनुसार, वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण यह कदम उठाया गया है, ताकि लोगों को खाना पकाने और रोशनी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए विकल्प उपलब्ध कराया जा सके.
केरोसिन का वितरण जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों के माध्यम से किया जाएगा और यह सभी प्रकार के राशन कार्डधारियों के लिए उपलब्ध होगा. इसकी कीमत लगभग 70 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। वितरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा. धनबाद जिले में करीब 5.20 लाख परिवारों को इसका लाभ मिलेगा, जिनमें 3.15 लाख से अधिक ग्रामीण कार्डधारी शामिल हैं। सरकार का यह कदम गैस संकट के बीच राहत देने वाला माना जा रहा है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


