दिग्गज क्रिकेटर आकाश दीप अपनी बहन की शादी में पहुंचे गढ़वा, उमड़ी फैंस की भीड़

    दिग्गज क्रिकेटर आकाश दीप अपनी बहन की शादी में पहुंचे गढ़वा, उमड़ी फैंस की भीड़

    गढ़वा(GARHWA): भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा है. जब भारतीय क्रिकेट टीम मैदान पर उतरती है, तो लाखों फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, सिर्फ एक टिकट के लिए. ऐसे में ज़रा सोचिए, अगर कोई क्रिकेटर खुद आपके गांव पहुंच जाए, तो वहां कैसा माहौल बन सकता है. कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब भारतीय टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने पहुंचे. नगर उंटारी प्रखंड के भैसबड़वा गांव में आयोजित तिलक समारोह में उनकी मौजूदगी ने पूरे माहौल को खास बना दिया और देखते ही देखते वहां फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी.

    दरअसल, आकाशदीप अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने गढ़वा पहुंचे थे. खास बात यह रही कि वे करीब चार घंटे तक समारोह में मौजूद रहे, लेकिन शुरुआत में किसी को इस बात का अंदाजा ही नहीं हुआ कि वहां टीम इंडिया का खिलाड़ी मौजूद है. माहौल सामान्य रूप से चलता रहा और लोग अपने-अपने काम में व्यस्त रहे.

    स्थिति तब बदली जब कुछ युवाओं ने उन्हें पहचान लिया. इसके बाद खबर तेजी से पूरे गांव और आसपास के इलाकों में फैल गई. कुछ ही देर में लोगों की भीड़ वहां जुटने लगी और हर कोई आकाशदीप की एक झलक पाने को उत्साहित दिखा. माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो गया और लोगों में सेल्फी लेने और उनसे मिलने की होड़ लग गई.

    भीड़ बढ़ने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस के चार जवान मौके पर पहुंचे और आकाशदीप को सुरक्षित वहां से बाहर ले गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि आकाशदीप का व्यवहार बेहद सादगी भरा था. उन्होंने बिना किसी दिखावे के सभी से मुलाकात की और लोगों के साथ घुल-मिल गए. बातचीत में उन्होंने कहा कि गढ़वा का इलाका उनके लिए नया नहीं है और चोट के कारण फिलहाल क्रिकेट से दूर हैं, लेकिन अगले साल फिर मैदान पर वापसी की उम्मीद है. उनकी मौजूदगी ने इस तिलक समारोह को यादगार बना दिया और गांव के लोगों के लिए यह पल खास बन गया.

    रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार 

     

     



    Related News