धनबाद(DHANBAD) | राम नवमी के दिन बलियापुर के भीखराजपुर में हुई घटना को लेकर मंगलवार को बलियापुर थाना परिसर में शांति समिति की एक बैठक हुई. बैठक में निरसा और सिंदरी विधायक मौजूद रहे. बैठक की अध्यक्षता एसएसपी प्रभात कुमार ने की. इस दौरान पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोग तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. बैठक में मौजूद सभी लोगों ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई, वहीं कुछ लोगों ने यह भी आग्रह किया कि जांच के दौरान निर्दोष लोगों को परेशान न किया जाए और उनके प्रति संवेदनशील रवैया अपनाया जाये.
पुलिस किसी दुर्भावना से न अभी काम कर रही ,न आगे करेगी
सभी पक्षों की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस किसी भी प्रकार की दुर्भावना से कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि “न तो किसी निर्दोष को फंसाया जाएगा और न ही किसी दोषी को बख्शा जाएगा.” उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और पारदर्शी जांच में जुटी हुई है. एसएसपी ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक हैं और समाज के सभी वर्गों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सवाल -क्या किसी को अच्छा लगेगा कि इलाके में 500 जवान तैनात हो
एसएसपी ने कहा कि पुलिस पर आरोप लग रहे हैं कि और अधिक बल की तैनाती करनी चाहिए थी. अगर यह आरोप सही भी हैं , तो पुलिस का मुखिया होने के नाते हम इसे स्वीकार करते हैं, लेकिन साथ ही सवाल भी करते हैं कि जिला शांति समिति की बैठक में जब भी लोग जाते हैं, तो यही कहते हैं कि कहीं कोई विघ्न -बाधा नहीं आएगी। भाईचारा बनी रहेगी. तो यह कैसी भाईचारा थी जो तुरंत टूट गई. पुलिस जिला शांति समिति सदस्यों की इन बातों पर भरोसा भी करती है, लेकिन फिर छोटी-छोटी बातों पर हंगामा हो जाता है. क्या आपको अच्छा लगेगा कि किसी के भी पर्व त्यौहार में 500 जवान उनके टोले - मोहल्ले में तैनात कर दिए जाएँ. ऐसे में क्या कोई भी व्यक्ति खुशी-खुशी बगैर किसी दबाव के अपना त्यौहार मना सकता है. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई एक पक्षीय होने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कोई तो यह बताएं कि फलां आदमी निर्दोष है.
अगर कोई निर्दोष जेल गया है तो पुलिस को दे सबूत,मदद मिलेगी
उन्होंने आह्वान किया कि अगर कोई निर्दोष जेल गया है, तो कोई भी व्यक्ति सबूत के साथ पुलिस को आवेदन करें, पुलिस का पहला काम होगा कि उसे जल्द से जल्द कैसे जेल से बाहर कराया जाए. उन्होंने अन्य नामजद जिनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है, उनके बारे में भी कहा कि निर्दोष जो भी हो ,वह थाने में, डीएसपी के पास या मेरे पास आवेदन दें. अगर सबूत होंगे तो उनके नाम हटा दिए जाएंगे। एसएसपी ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि कई लोग घर छोड़कर फरार है. जो लोग निर्दोष हैं ,वह घर आ जाएं, पुलिस उन्हें कुछ भी नहीं करेगी, लेकिन जो इस घटना में जो शामिल हैं, उन्हें पुलिस छोड़ेगी भी नहीं। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास पर्याप्त फुटेज हैं. अगर डिमांड होगी तो आगे बड़ा आयोजन कर पुलिस सभी को दिखा भी सकती है. उन्होंने कहा कि मोटर साइकिल बार बार डुडाने वाले को भी जेल भेज दिया गया है. अब तक 19 लोग जेल भेजे गए है.
शरारती तत्वों की पहचान करने में लोग मदद करें
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे घटना में शामिल शरारती तत्वों की पहचान करने में पुलिस की मदद करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बेवजह डरने या भागने की जरूरत नहीं है, निर्दोष लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. फरार आरोपियों को लेकर एसएसपी ने साफ कहा कि वे जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून के दायरे में आने वालों के साथ नियमानुसार सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाएगा.
हर हाल में एकता और भाईचारा बना रहना चाहिए
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने समाज में आपसी एकता और भाईचारे को बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि नफरत फैलाने वाले तत्व अंततः स्वयं ही उसका शिकार बनते हैं. उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।इस बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एडीएम विधि व्यवस्था हेमा प्रसाद, एसडीएम लोकेश बारंगे, सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष सत्यम, डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम, डीएसपी मुख्यालय शंकर कामती, निरसा विधायक अरुप चटर्जी, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, श्रीमती तारा देवी, थाना प्रभारी सत्याजीत कुमार, अंचल निरीक्षक नूतन मोदी, सीओ मुरारी नायक, बीडीओ पीसी दास सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


