गोविंदपुर में छिनतई का खुलासा, 4 अपराधी गिरफ्तार, लैपटॉप-मोबाइल समेत नगदी बरामद

    गोविंदपुर में छिनतई का खुलासा, 4 अपराधी गिरफ्तार, लैपटॉप-मोबाइल समेत नगदी बरामद

    धनबाद (DHANBAD): धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छिनतई की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.जामताड़ा के रहने वाले युवक से बाइक, लैपटॉप, मोबाइल और नगदी छीनने के साथ-साथ दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया था.मंगलवार को इस मामले में जानकारी देते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामला साहेबगंज रोड स्थित अपना अस्पताल के समीप का है, जहां जामताड़ा के नारायणपुर निवासी इरफान अंसारी से तीन मोटरसाइकिल पर सवार 6-7 अपराधियों ने छिनतई की वारदात को अंजाम दिया था.

     लैपटॉप-मोबाइल समेत नगदी बरामद

     अपराधियों ने पहले बाइक की किस्त फेल होने का बहाना बनाकर उसे रोका, फिर उसकी मोटरसाइकिल, लैपटॉप, मोबाइल और 22 हजार रुपये नगद छीन लिया.इतना ही नहीं, अपराधियों ने सामान लौटाने के एवज में दो लाख रुपये की मांग भी की और 4 मई को पैसे देने का दबाव बनाया.पीड़ित द्वारा घटना की सूचना गोविंदपुर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

     4 अपराधी गिरफ्तार

    गिरफ्तार अभियुक्तों में रेहान अंसारी (फकीरडीह), फरदीन अंसारी (गायडेहरा), राजू अंसारी (भीतर गांव) और जावेद अंसारी (फकीरडीह) शामिल है.पुलिस ने इनके पास से एक कार, तीन मोटरसाइकिल, छीना गया लैपटॉप, सात मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नगद बरामद किया है.सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

    रिपोर्ट-नीरज कुमार



    Related News