चतरा : टेरर फंडिंग मामले में टीएसपीसी के सात नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

    चतरा : टेरर फंडिंग मामले में टीएसपीसी के सात नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

    चतरा (CHATRA) : चतरा जिला के कोयलांचल में टेरर फंडिंग मामले में टीएसपीसी नक्सलियों के विरूद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई. पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन का सब जोनल कमांडर अनूप उर्फ छोटू राम समेत सात नक्सलियों को गिरफ्तार कर संगठन की आर्थिक कमर तोड़ी है. इनके पास से पुलिस ने 7.62  एमएम का 15 जिंदा कारतूस, 01 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो देशी कट्टा, 9 एमएम का चार जिंदा कारतूस, 3.15 बोर का तीन गोली, लेवी का 98 हजार रुपया नकद, घटना में कारित एक मोटरसाइकिल, महिंद्रा बोलेरो, टीएसपीसी संगठन का आठ नक्सली पर्चा और इलेक्ट्रिक उपकरण समेत कोयलांचल में संगठन के उगाही से संबंधित नक्सली साहित्य बरामद किए है.

    लेवी नहीं देने की अपील

    एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर टंडवा एसडीपीओ शंभू सिंह के नेतृत्व में गठित पिपरवार और सिमरिया थाना पुलिस की संयुक्त एसआईटी को कामयाबी मिली है. एक सप्ताह पूर्व पिपरवार थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में कोल व्यवसाई के घर फायरिंग मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नक्सलियों को झटका दिया है. पुलिस को लंबे समय से लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोसमाही साइडिंग पर कोल व्यवसाई दिलशेर खान की हत्या और अन्य नक्सल मामलों में थी अनूप समेत अन्य नक्सलियों की तलाश थी. कोयलांचल में आए दिन छोटी-बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाते हुए गिरफ्तार सब जोनल कमांडर और उसके दस्ते में शामिल अन्य नक्सलियों द्वारा फोन कर कोल कंपनियों, ट्रांसपोर्टरों और ठेकेदारों समेत व्यवसायियों से लेवी की रकम वसूली जा रही थी. एसपी ने एसआईटी में शामिल अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत करने की बात कही है. पुलिस ने कोयलांचल में कार्यरत लोगों से नक्सलियों को लेवी नहीं देने की अपील की है. गिरफ्तार सब जोनल कमांडर और अन्य नक्सली आधा दर्जन से अधिक नक्सल मामलों में आरोपी थे.

    रिपोर्ट: संतोष कुमार, चतरा



    Related News