रांची (RANCHI): रांची में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ी गई पंचायत सचिव को अदालत से राहत नहीं मिली। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की विशेष अदालत ने आरोपी महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है, जिससे उन्हें बड़ा झटका लगा है.
पूरा मामला गुमला जिले का है, जहां एसीबी की टीम ने 12 मार्च को कार्रवाई करते हुए किरण कुसुम खलखो को गिरफ्तार किया था. उस समय वह बिशुनपुर प्रखंड के सेरका पंचायत में पदस्थापित थीं. आरोप है कि उन्होंने बकाया भुगतान और अंतिम बिल पास कराने के एवज में आठ हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और उन्हें घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.
गिरफ्तारी के बाद से ही आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं. उन्होंने जमानत के लिए अदालत में याचिका दायर की थी, लेकिन रांची सिविल कोर्ट स्थित एसीबी की विशेष अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इनकार कर दिया. इस फैसले को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और रिश्वतखोरी पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


