सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए रंगदारी मांगने और लोगों को जान से मारने की धमकी देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को जेल में बंद कुख्यात अपराधी बताकर लोगों में भय पैदा करता था और उनसे रुपये की मांग करता था. पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी बंटी गुहा है और वह जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का रहने वाला है. हालांकि वह वर्तमान में वह पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित भवानीपुर में रहकर एक निजी कंपनी में काम कर रहा था. पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वह रंगदारी मांगने के लिए करता था. कांड्रा पुलिस ने यह कार्रवाई की है.सोमवार को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया. आरोपी ने 22 मई को कांड्रा स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक शाखा के प्रबंधक को एक अज्ञात नंबर से कॉल कर रंगदारी मांगी थी. उसने खुद को सरायकेला जेल में बंद अपराधी रवि लोहार बताते हुए जमानत के लिए वकील की फीस के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की. साथ ही रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई. इसके बाद बैंक प्रबंधक ने 24 मई को कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई.
कई लोगों से मांगी रंगदारी
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई. टीम ने मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान बंटी गुहा ने स्वीकार किया कि वह जेल में बंद अपराधियों के नाम का सहारा लेकर लोगों को डराता था और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश करता था. जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने इसी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाया था. 21 मई को चांडिल थाना क्षेत्र के रूचाप निवासी एक व्यक्ति को फोन कर रंगदारी मांगी गई थी, जबकि 15 मई को गम्हरिया क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति को भी इसी तरह धमकी देकर रुपये की मांग की गई थी. पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, कॉल रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और भी कई मामलों का खुलासा हो सकता है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था या उसके साथ कोई संगठित गिरोह भी जुड़ा हुआ है.

