धनबाद में सनसनीखेज वारदात: आउटसोर्सिंग कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट पर गोलीबारी, तलाश में जुटी पुलिस

    धनबाद में सनसनीखेज वारदात: आउटसोर्सिंग कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट पर गोलीबारी, तलाश में जुटी पुलिस

    धनबाद (DHANBAD) : धनबाद में बीसीसीएल के मुनीडीह क्षेत्र में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी इंदु के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट गोपाल रेड्डी को गोली मार दी गई. घटना को लेकर बताया जा रहा कि काली मंदिर के पास अपराधियों ने गोपाल रेड्डी की कार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की. एक गोली उनकी कार के अगले हिस्से में लगी, जबकि दूसरी पिछले दरवाजे को भेदती हुई उनकी जांघ में लगी. अपराधी मौके से फरार हो गए.

    घटना के बाद, गोपाल रेड्डी को इलाज के लिए असर्फी अस्पताल ले जाया गया. बताया गया है कि गोपाल रेड्डी शनिवार सुबह मुनीडीह काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे. पूजा-अर्चना के बाद, वे मंदिर से निकलकर अपनी कार संख्या JH10D-7785 की पिछली सीट पर घर जा रहे थे, तभी हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल सवार 25 वर्षीय एक युवक ने उन पर गोली चला दी. पहली गोली कार के अगले हिस्से में लगी और वहीं धंस गई, जबकि दूसरी गोली उनकी जांघ में लगी. गोली लगने के तुरंत बाद, कार चालक उन्हें उनके घर ले गया, जहाँ से उन्हें एम्बुलेंस द्वारा धनबाद ले जाया गया.

    घटना के तुरंत बाद डीएसपी नोसाद आलम मौके पर पहुँचे और अपराधी की तलाश शुरू कर दी. पुलिस काली मंदिर के पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में इंदु आउटसोर्सिंग कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी वहाँ जमा हो गए. मुनीडीह काली मंदिर के पास चार रास्ते हैं. अपराधी के भागने का रास्ता अभी अज्ञात है.

    रिपोर्ट-नीरज कुमार

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news