CM हेमंत सोरेन से वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने की मुलाकात, स्वदेशी कैंसर उपचार मशीन पर हुई चर्चा

    CM हेमंत सोरेन से वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने की मुलाकात, स्वदेशी कैंसर उपचार मशीन पर हुई चर्चा

    रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने अपनी स्वनिर्मित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी.

    जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने बताया कि यह मशीन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और वर्तमान में देश-विदेश के कई बड़े अस्पतालों में इसका उपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस मशीन के माध्यम से कैंसर जैसी जटिल और गंभीर बीमारी के उपचार में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है.

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस उपलब्धि के लिए जी.वी.के. सुब्रमण्यम की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर रोगियों के लिए यह मशीन किसी वरदान से कम नहीं है. उन्होंने कहा कि ऐसी अत्याधुनिक तकनीकें स्वास्थ्य क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलती हैं और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में मददगार साबित होती हैं.

    राज्य में मजबूत हो रही स्वास्थ्य संरचना

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है. सरकारी अस्पतालों में जांच और उपचार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि मरीजों को अपने ही राज्य में बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें.

    उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या गंभीर विषय है. ऐसे में राज्य सरकार का प्रयास है कि कैंसर से पीड़ित लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें झारखंड के अस्पतालों में ही अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों. इसके लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाने को तैयार है. इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप भी मौजूद थे.

    वैज्ञानिक उपलब्धि और गौरव
    विदित हो कि वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं. वे भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सहयोगी रह चुके हैं और उनके साथ मिलकर कई अनुसंधान एवं शोध कार्यों में योगदान दिया है.

    जी.वी.के. सुब्रमण्यम द्वारा विकसित कैंसर उपचार मशीन का उपयोग आज देश के साथ-साथ विदेशों के प्रमुख अस्पतालों में भी किया जा रहा है. मुख्यमंत्री और वैज्ञानिक के बीच हुई इस मुलाकात को राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news