पुरुषोत्तम मास की दूसरी सोमवारी पर बना है विशेष संयोग, इस विधि से पूजा करने से चंद्रमा की तरह चमकेगी किस्मत

    पुरुषोत्तम मास की दूसरी सोमवारी पर बना है विशेष संयोग, इस विधि से पूजा करने से चंद्रमा की तरह चमकेगी किस्मत

    देवघर(DEOGHAR): राजकीय श्रावणी मेला की चौथी और पुरुषोत्तम मास की दूसरी सोमवारी पर देवघर के बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी है. देर रात से ही सोमवारी के पावन अवसर पर पवित्र कामना लिंग के जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ जुटने लगी थी. श्रावण शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि और सोमवार होने के कारण इसे अमृत योग माना जा रहा है. कई वर्षों बाद बने इस दुर्लभ योग के कारण पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग के जलार्पण का यह उत्तम अवसर माना जा रहा है. ऐसी मान्यता है कि आज पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग के जलार्पण से अमृत जैसे फल की प्राप्ति होती है. यही कारण है कि आज जलाभिषेक के लिए देवघर में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ी है. 

    इस विधि से पूजा करने से ख्याति,धन,वैभव चंद्रमा की तरह चमकेगा

    आज श्रावण मास की चौथी और पुरुषोत्तम मास की दूसरी सोमवारी है. शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि होने से आज दिन और तिथि दोनों के दृष्टिकोण से दुर्लभ संयोग माना जा रहा है. जानकारों के अनुसार शुक्ल पक्ष में चंद्रमा का प्रभाव बढ़ जाता है. सोमवार चंद्रमा का दिन माना जाता है,ऐसे में ग्रह-नक्षत्रों के अनुसार भी आज के दिन का ख़ास महत्व है. जानकार बताते हैं कि लक्ष्मी और चन्द्रमा दोनों ही चंचलता का प्रतीक है,लेकिन भगवन भोलेनाथ को आज के दिन बिना टूटा हुआ चावल,गाय का दूध,सफेद पुष्प, बेलपत्र और गंगाजल अर्पित करने से यश,वैभव, नाम,धन की स्थिरता और स्थायित्व मिलती है. बताया जाता है कि श्रावन की चौथी सोमवारी को ही समुन्द्र मंथन से पारिजात का आविर्भाव हुआ था जो पृथ्वी के रास्ते स्वर्ग द्वार को प्रस्थान किया था. इन्हीं सब धार्मिक और पौराणिक मान्यताओं के कारण आज की सोमवारी का ख़ास महत्व माना जा रहा है.

    सुलभ और सुरक्षित जलार्पण के लिए सुरक्षा बल तैनात

    देवघर के बाबा मंदिर में रात से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी. आज सुबह 4 बजकर 1 मिनट से जलार्पण शुरू होने के वक़्त श्रद्धालुओं की कतार मंदिर से लगभग 6 किलोमीटर तक पहुँच गई थी. इतनी बड़ी तादाद में जलार्पण के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को सुलभ जलार्पण कराने के लिए जिला के नए डीसी विशाल सागर और नए एसपी अजित पीटर डुंगडुंग अहले सुबह से ही पूरा मेला क्षेत्र की निगरानी खुद कर रहे हैं. सुलभ और सुरक्षित जलार्पण के लिए प्रशासन द्वारा अतिरिक्त दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. बाबानगरी में चारों तरफ केसरिया मय के माहौल में बोलबम का नारा गूंज रहा है. सावन की चौथी और पुरुषोत्तम मास की दूसरी सोमवारी पर देवघर में आज 2 लाख की भीड़ जुटने की उम्मीद की जा रही है. 

    रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news