साहिबगंज:राजमहल में बड़ा खेल, बिना आवास निर्माण के ही निकल गए पैसे

    राजमहल प्रखंड अंतर्गत लालमाटी पंचायत में विकास योजनाओं में भारी अनियमितता और कथित घोटाले का मामला सामने आया है. आरोप है कि जनप्रतिनिधि और पंचायत कर्मियों की मिलीभगत से सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग किया गया, जिससे वास्तविक लाभुकों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है.

    साहिबगंज:राजमहल में बड़ा खेल, बिना आवास निर्माण के ही निकल गए पैसे

    साहिबगंज (SAHIBGANJ): जिले के राजमहल प्रखंड अंतर्गत लालमाटी पंचायत में विकास योजनाओं में भारी अनियमितता और कथित घोटाले का मामला सामने आया है. आरोप है कि जनप्रतिनिधि और पंचायत कर्मियों की मिलीभगत से सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग किया गया, जिससे वास्तविक लाभुकों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है.

    जानकारी के मुताबिक, वार्ड संख्या-3 के सदस्य मोहम्मद वाहिद अंसारी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने पंचायत और प्रखंड स्तर के कुछ कर्मियों के साथ मिलकर अपने और अपनी पत्नी के नाम पर योजनाओं की स्वीकृति ली और राशि की निकासी कर ली.

    पहला मामला पशु शेड योजना से जुड़ा है. आरोप है कि इस योजना के तहत किसी अन्य व्यक्ति की जमीन को दिखाकर फर्जी तरीके से पैसे निकाले गए, जबकि मौके पर कोई निर्माण कार्य नहीं मिला. वहीं दूसरा मामला प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित है. आरोप के अनुसार, उनकी पत्नी जहिदा खातून के नाम पर आवास स्वीकृत कराया गया और पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये की निकासी भी कर ली गई, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि उनके पास पहले से ही पक्का मकान मौजूद है.

    इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य मोहम्मद नौसाद आलम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर जांच की मांग की. शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की गड़बड़ियों से असली जरूरतमंद लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा. फिलहाल लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है.

    रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news