धनबाद में बढ़ते अपराध, सड़क पर लगे हांफते सीसीटीवी कैमरे

    धनबाद में बढ़ते अपराध, सड़क पर लगे हांफते सीसीटीवी कैमरे

    धनबाद (DHANBAD):  धनबाद में क्राइम ग्राफ तेज है. शनिवार को धनसार के गुंजन ज्वेल्स में भारी डाका पड़ा था.  मंगलवार को भी बैंक मोड में डकैती की कोशिश हुई, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह विफल हो गई.  सवाल उठता है कि जगह-जगह ,जो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, वो काम क्यों नहीं कर रहे हैं. गुंजन ज्वेलर्स के सामने सड़क पर सीसीटीवी लगा था, पर घटना के दिन काम नहीं कर रहा था. नतीजा हुआ कि पुलिस को फुटेज नहीं मिला. मुथूट फाइनेंस के दिन भी तीन अपराधी भाग गए लेकिन पुलिस को फुटेज नहीं मिला. जानकारी मिल रही है कि रखरखाव के अभाव में जितने सरकारी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं , उनमें अधिकांश खराब पड़े हुए हैं.  सीसी टीवी का महत्व कितना अधिक है, यह धनबाद के लोग जानते हैं.  उत्तम आनंद की मौत के मामले का खुलासा भी सीसीटीवी से ही हुआ.  

    कई कांड का खुलासा हुआ था 

    भाजपा नेता सतीश सिंह की हत्या में अपराधियों तक पुलिस सीसीटीवी के सहायता से ही पहुंची. लेकिन पता नहीं क्यों सीसीटीवी के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जाती है.  पुराना बाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव अजय नारायण लाल ने कहा कि जिन-जिन जगहों पर सरकारी  सीसीटीवी लगाए गए हैं, एक भी काम नहीं कर रहे हैं. जबकि किसी भी घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी का कितना महत्व है, यह हम सभी जानते हैं.  उन्होंने कहा कि प्रशासन की मदद के लिए हमेशा तैयार हैं और जहां जरूरत होगी प्रशासन कहेगा, अपने इलाके में  कैमरे लगवाने को तैयार हैं.

    सरकार के पास गया है प्रस्ताव

    धनबाद के ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार ने आज कहा कि उन लोगों ने ऑटोमेटिक कैमरे के साथ सीसीटीवी लगाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है.  जिससे कि ऑनलाइन भी जुर्माना वसूला जा सके. अब देखना है कि उसका प्रस्ताव कब पारित होता है और कैमरे लगते है.


    रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह के साथ प्रकश 



    Related News