लोहरदगा में भीषण सड़क हादसा, एक महिला की मौत, जांच में जूटी पुलिस

    लोहरदगा में भीषण सड़क हादसा, एक महिला की मौत, जांच में जूटी पुलिस

    लोहरदगा (LOHARDAGA): जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में तड़के सुबह एक सड़क हादसा सामने आया, जहां नेशनल हाईवे-39 पर चेटर मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

    कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार को सुबह-सुबह सूचना मिली कि रांची-कुड़ू मुख्य मार्ग पर एक महिला को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.

    महिला सड़क किनारे पैदल चल रही थी, तभी रांची की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके फरार हो गया.पुलिस ने बताया कि मृत महिला की उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच आंकी जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. वही स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है.

    घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान की जा सके. थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ने की कोशिश की जाएगी. फिलहाल पुलिस मृत महिला की पहचान कर और दोषी चालक को कानून के दायरे में लाना है.

     



    Related News