सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सुधारने और अस्पतालों में लापरवाही पर सख्ती को लेकर सदर अस्पताल में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. झारखंड मुक्ति मोर्चा के निर्देशानुसार हुई इस बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सिविल सर्जन डॉ. सरयू कुमार सिंह एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी के साथ विस्तृत चर्चा की.बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल की जमीनी स्थिति का आकलन कर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना था. इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए जिनमें डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर प्रतिदिन सार्वजनिक करने का फैसला शामिल है, ताकि आम जनता को यह जानकारी मिल सके कि किस समय कौन डॉक्टर उपलब्ध है.
कई अहम निर्णय
इसके साथ ही लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर और सभी वार्डों में डॉक्टरों का नियमित राउंड सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.इमरजेंसी वार्ड के बाहर डॉक्टरों के लिए अलग चेंबर बनाने पर भी सहमति बनी, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके. इमरजेंसी के पास शौचालय निर्माण और मरीजों के लिए स्वच्छ पेयजल, बेहतर भोजन एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं समाज की सबसे महत्वपूर्ण जरूरत है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर पूरी तरह गंभीर है और हाल ही में सामने आए मामलों की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट-नीरज कुमार

