रांची मोरहाबादी मैदान को मिलेगा नया रूप, पुराने एलईडी स्क्रीन हटाने और नीलामी की तैयारी

    रांची मोरहाबादी मैदान को मिलेगा नया रूप, पुराने एलईडी स्क्रीन हटाने और नीलामी की तैयारी

    रांची (RANCHI): राजधानी के प्रसिद्ध मोरहाबादी मैदान की तस्वीर जल्द बदलने वाली है. मैदान को अधिक साफ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने की दिशा में झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (JUIDCO) ने बड़ा कदम उठाया है. जुडको ने मैदान में लगे पुराने एलईडी स्क्रीन और उनसे जुड़े ढांचों को हटाने तथा उनकी नीलामी के लिए तीसरी बार टेंडर जारी किया है.

    जुडको की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, इस प्रक्रिया के तहत मैदान में लगे पुराने एलईडी स्क्रीन के साथ-साथ उनसे जुड़े सभी उपकरणों को हटाया जाएगा. इसमें फीडर पिलर, बिजली के तार, केबल और लोहे के बड़े फ्रेम भी शामिल हैं. खास बात यह है कि इन सभी संरचनाओं को जमीन में बने फाउंडेशन सहित पूरी तरह उखाड़ा जाएगा, ताकि मैदान को पूरी तरह खाली और व्यवस्थित बनाया जा सके.

    अधिकारियों के अनुसार यह पूरा काम सुरक्षा मानकों और विद्युत नियमों का पालन करते हुए किया जाएगा. साथ ही संबंधित एजेंसी को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि काम पूरा होने के बाद पूरे इलाके की साफ-सफाई कर उसे दोबारा उपयोग के योग्य बनाया जाए. जुडको ने स्पष्ट किया है कि हटाई जाने वाली सभी सामग्री की नीलामी “जैसा है, जहां है” के आधार पर की जाएगी. यानी जो भी सामग्री जिस स्थिति में मौजूद होगी, उसी हालत में उसकी बोली लगाई जाएगी.

    टेंडर प्रक्रिया के तहत बोली लगाने की शुरुआत 21 मई से होगी, जबकि बिड जमा करने की अंतिम तिथि 28 मई शाम चार बजे तक तय की गई है. उम्मीद की जा रही है कि इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद मोरहाबादी मैदान को अधिक आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप दिया जा सकेगा.

    मोरहाबादी मैदान राजधानी रांची का एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल माना जाता है, जहां बड़े सरकारी कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन, खेल गतिविधियां और जनसभाएं आयोजित होती रही हैं. ऐसे में पुराने और अनुपयोगी ढांचों को हटाने का फैसला मैदान की सुंदरता और उपयोगिता दोनों को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.



    Related News