रेलवे ने धनबाद के साथ फिर किया छल, कोयंबटूर स्पेशल ट्रेन अब धनबाद नहीं, जानिए कहां से चलेगी


धनबाद(DHANBAD): धनबाद की सुविधाओं पर कैंची पर कैंची. रेलवे हो अथवा राज्य सरकार या फिर केंद्र सरकार, धनबाद को सुविधा देने के नाम पर हमेशा ठगा जाता है. रेलवे ने फिर धनबाद को ठागा है. धनबाद से दक्षिण भारत जाने वाली धनबाद कोयंबटूर स्पेशल धनबाद के हाथों से चली गई है. अब यह ट्रेन धनबाद की बजाय बरौनी से चलेगी. 26 मार्च को ट्रेन धनबाद से कोयंबटूर के लिए अंतिम दिन चलेगी. धनबाद से इस ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मंजूरी नहीं मिली.
लोगों में निराशा
पूर्व मध्य रेलवे ने एक अप्रैल से धनबाद कोयंबटूर स्पेशल के नंबर से ही धनबाद होकर बरौनी कोयंबटूर स्पेशल चलाने की घोषणा की है. लोग बताते हैं कि धनबाद से कोयंबटूर के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को खासी लोकप्रियता मिल रही थी. ट्रेनों में बुकिंग की स्थिति अच्छी थी. अधिक किराया होने के बावजूद हर ट्रिप में सीटें बुक रहती थी. बुकिंग के प्रति लोगों में रुझान रहने के बावजूद ट्रेन को धनबाद से छीन कर बरौनी को दे दिया गया. बरौनी से ट्रेन चलने से धनबाद की सीटों की हिस्सेदारी घट जाएगी. जनरल बोगियों में धनबाद के लोगों को सीट नहीं मिल पाएगी. धनबाद कोयंबटूर स्पेशल की बुकिंग स्टेटस को देखते हुए धनबाद के लोग मान रहे थे कि आने वाले दिनों में यह नियमित हो जाएगी. लेकिन रेलवे के ताजा फैसले से धनबाद को निराशा हुई है.
धनबाद डिवीजन की ओर से मुख्यालय को भेजा गया प्रस्ताव
धनबाद से चलने से सीट नहीं पाने वालों को काफी सहूलियत हो रही थी. धनबाद डिवीजन की ओर से मुख्यालय को प्रस्ताव भेजकर इसे धनबाद से ही चलाने की मांग की गई है. अब देखना होगा कि आगे रेलवे इस पर क्या फैसला करता है. वैसे रेलवे धनबाद को हमेशा से ठगता रहा है. धनबाद से दिल्ली तक के लिए सीधी ट्रेन की लगातार मांग होती रही है लेकिन मिला नहीं है. अब तो जो भी सुविधाएं हैं, उनमें भी कटौती का प्रयास किया जा रहा है. अगर जनप्रतिनिधि अभी भी सजग और सचेत नहीं हुए तो एक-एक कर जो सुविधाएं हैं, वह भी घटती जाएंगी. धनबाद को एयरपोर्ट तो नहीं मिला, एम्स भी नहीं मिला, अब ट्रेनों पर भी चलने लगी है कैची.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+