वासेपुर का गैंस्टर प्रिंस खान अब यूपी के बाहुबलियों से ले रहा पंगा, फिर कराई फायरिंग और मांगी एक करोड़ की रंगदारी 

    वासेपुर का गैंस्टर प्रिंस खान अब यूपी के बाहुबलियों से ले रहा पंगा, फिर कराई फायरिंग और मांगी एक करोड़ की रंगदारी 

    धनबाद(DHANBAD): वासेपुर का गैंगस्टर प्रिंस खान धनबाद सहित झारखंड पुलिस को तो ललकार ही रहा है, सिंह मेंशन को भी धमकी दी और अब उत्तर प्रदेश के बाहुबलियों से भी पंगा ले रहा है. कह रहा है कि जाकर ब्रजेश सिंह और धर्मपाल यादव को बोल देना, यह यूपी नहीं, धनबाद है. एक किलो या एक टन कोयला उठाने पर पैसा देना ही पड़ेगा.

    एक करोड़ रुपए की मांगी रंगदारी 

    दरअसल मंगलवार की देर रात को गोविंदपुर के बगसुमा के कोयला कारोबारी बंटी चौधरी के आवास पर फायरिंग की गई. कुल 7 राउंड फायरिंग करने की खबर है. दो गोली उनके घर के गेट पर लगी है, जबकि पांच राउंड फायरिंग हवा में की गई. घटना के बाद घर के पास से वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे  मेजर के नाम से फेंका गया एक पर्चा मिला है. जिसमें फायरिंग की जिम्मेवारी ली गई है और कहा गया है कि रंगदारी नहीं देने पर परिवार समेत उसे खत्म कर दिया जाएगा. घटना के बाद मीडिया में छपी खबरों के अनुसार प्रिंस खान का एक ऑडियो भी जारी हुआ है, जिसमें उसने बंटी चौधरी को धमकाते हुए एक करोड़ रुपए रंगदारी की मांग की है. बताया जाता है कि बंटी चौधरी कतरास के कोयला सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है. बंटी चौधरी के पिता के अनुसार अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे. गोली की आवाज सुनी तो पहले लगा कि कोई शादी विवाह में पटाखे फोड़े जा रहे हैं, लेकिन जब गेट पर गोली लगी तो फायरिंग का पता चला.

    पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना प्रिंस खान 

    बंटी चौधरी के घर लौटने के आधे घंटे के बाद यह घटना हुई.  वह नया घर बनवाए हैं और एक सप्ताह पहले ही उस में शिफ्ट हुए हैं. मिले पत्र में कहा गया है कि एक करोड़ नगद और प्रति टन ₹200 की रंगदारी देनी होगी. पत्र में लिखा गया है कि कोयला पासिंग का काम उसके नाम से है, इसलिए पैसा तुमसे ही लेंगे. ब्रजेश सिंह और धर्मपाल यादव को जाकर बोल देना यह यूपी नहीं, धनबाद है. एक किलो या एक टन कोयला उठाने पर पैसा देना ही पड़ेगा. रंगदारी के लिए फायरिंग का सिलसिला कोयलांचल में नहीं थम रहा है. एक तो यहां उद्योग धंधे और व्यवसाय चलते नहीं है,  ढेरों लोग अपना कारोबार समेटने की तैयारी में है. रंगदारी के लिए रोज फायरिंग की घटनाएं हो जा रही है. कभी अमन सिंह का आतंक सिर चढ़कर बोलता है तो कभी प्रिंस खान पुलिस के साथ-साथ कारोबारियों को धमकाया है. प्रिंस खान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. अमन सिंह फिलहाल हजारीबाग सेंट्रल जेल में है, लेकिन वहां से भी वह रंगदारी का धंधा चला रहा है. दोनों गैंगस्टर लोकल लड़कों का एक संगठित गिरोह तैयार कर लिया है, जो उनके इशारे पर फायरिंग करते हैं. पर्चा छोड़ते हैं, पुलिस एक गैंग को पकड़ती है तो दूसरा  तैयार हो जाता है. देखना होगा कि पुलिस इस परिस्थिति से कैसे निपटती है और धनबाद में कानून का राज कैसे कायम होता है.

    रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news