प्रदूषित झरिया को बचाने की बनी योजना ,14 दिसम्बर को "रन फ़ॉर क्लीन एयर" के लिए दौड़ेगी  झरिया

    प्रदूषित झरिया को बचाने की बनी योजना ,14 दिसम्बर को "रन फ़ॉर क्लीन एयर" के लिए दौड़ेगी  झरिया

    धनबाद(DHANBAD):  प्रदूषण ने झरिया को नरक कर दिया है.  लोगों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है.  झरिया में प्रदूषण के खिलाफ ग्रीन लाइफ एवं यूथ कॉन्सेप्ट का आंदोलन लगातार जारी है.  इन संस्थाओं की घोषणा है कि जब तक झरिया का प्रदूषण खत्म नहीं हो जाता, आंदोलन करते रहेंगे, अधिकारियों का ध्यान खींचते रहेंगे, जनप्रतिनिधियों को आईना दिखाते रहेंगे.  इसी क्रम में मंगलवार को ग्रीन लाइफ एवं यूथ  कॉन्सेप्ट के संयुक्त तत्वावधान में झरिया में व्याप्त वायु प्रदूषण को ले कर मंगलवार को  आम बैठक  की गई.  बड़ी संख्या में शहर वासियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया.  निर्णय लिया गया कि 14 दिसम्बर को झरिया में "रन फ़ॉर क्लीन एयर" का कार्यक्रम होगा.  रन फ़ॉर क्लीन एयर की  दौड़ चिल्ड्रेन पार्क से शुरू होकर कतरास मोड़ के नेहरू पार्क में समाप्त होगी.  कार्यक्रम के प्रचार प्रसार के लिए जगह जगह होर्डिंग पोस्टर लगाए जाएंगे.   बैठक का संचालन डॉ मनोज सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन अखलाक अहमद ने किया.

    बीसीसीएल के साथ बैठक की बनी योजना 
     
    कार्यक्रम  की अध्यक्षता कर रहे विधायक प्रतिनिधि  के डी पाण्डेय ने कहा कि झरिया में प्रदूषण चरम पर है.  इसके खिलाफ जोरदार लड़ाई की आवश्यकता है.  आंदोलन को धारदार बनाने और लोगों को जागरूक करने के लिए रन फ़ॉर क्लीन एयर मील का पत्थर साबित होगा.    पाण्डेय ने कहा कि  झरिया के प्रदूषण को लेकर जल्द ही उपायुक्त  एवं बी सी सी एल के  सीएमडी के साथ त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की जाएगी.  कहा कि जयप्रकाश नारायण अकेले दम पर सम्पूर्ण क्रांति से सत्ता पलट कर दिए थे.  किसी अच्छे काम में संख्या मायने नहीं रखती.    मारवाडी सम्मेलन झरिया के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई को धार देने के लिए सभी वर्गों को साथ ले कर  चलना होगा.  हम सभी को मिलकर कोयला खनन कंपनी के खिलाफ ईमानदारी से  लड़ाई लड़नी होगी. अग्रवाल ने कहा कि यह लड़ाई अपने बच्चों के भविष्य एवं उनके स्वास्थ्य की रक्षा के लिए लड़नी है.  डीएमएफटी फंड  का उपयोग झरिया का पर्यावरण संरक्षण के लिए करना चाहिए.   शिवबालक पासवान ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन गुंडागर्दी पर उतारू हो गया है.  प्रदूषण के खिलाफ आंदोलन करने वाले भौरा के दिलीप चक्रवर्ती के घर का बिजली, पानी काट दिया गया है.  इस बात की हम निंदा करते है.  

    प्रदूषण के खिलाफ अब उग्र आंदोलन की जरूरत

    उन्होंने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ अब उग्र आंदोलन की जरूरत है.  4 दिसम्बर को झरिया के प्रदूषण से सम्बंधित ज्ञापन दिल्ली में राष्ट्रपति को सौपा जाएगा.    बाल रोग विशेषज्ञ डॉ नरेश प्रसाद ने कहा कि झरिया में व्याप्त  प्रदूषण के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ रहे है.  धूल कण का असर अजन्मे बच्चों के मष्तिष्क को प्रभावित कर रहा है.  स्वाँस के  मरीज बढ़ रहे है.  लोग गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो रहे है.  कोल डस्ट से लोगों का रोगप्रतिरोधक क्षमता घट रहा हैं और बड़ी बीमारियों के शिकार हो रहे है.   बैठक में के डी पांडेय, राजकुमार अग्रवाल, डॉ नरेश प्रसाद, शिवबालक पासवान, श्रीकान्त अम्बष्ठ, बंटी जयसवाल, वीरेन्द्र निषाद, पिनाकी रॉय,अविनाश शर्मा, दिलीप आडवाणी, रिंकू शर्मा, झूलन सिंह,अरुण साव,अनिल जैन, आर सी पासवान, सत्यनारायण भोजगाड़िया, अनूप लिल्हा, बीरेन्द्र निषाद, मो खदिर, बीरेंद्र कुमार सिंह, मो शाहनवाज खान, पिंकू चंद्रबंशी,बी डी कुमार, मनीष सिंह, अखलाक खान, जीतेन्द्र कुमार, डॉ मनोज सिंह, अखलाक अहमद, आदि मुख्य रूप से अपने विचार रखे. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news