दुमका पेट्रोल कांड पार्ट - 2: पीड़िता का शव ननिहाल से पहुंचा पैतृक गांव भैरोपुर, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क रख किया जाम

    दुमका पेट्रोल कांड पार्ट - 2: पीड़िता का शव ननिहाल से पहुंचा  पैतृक गांव भैरोपुर, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क रख किया जाम

    दुमका (DUMKA):  दुमका के पेट्रोल कांड पार्ट 2 में जान गंवाने वाली बेटी मारुति का शव आज सुबह रांची से भालकी गांव पहुंचा. शव के गांव पहुंचते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया. गमगीन माहौल में लोग आक्रोशित दिखे. परिजन आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग के साथ परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं. 

    परिजनों से मिले गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे

    मारुति मूल रूप से जामा थाना के भैरोपुर गांव की रहने वाली थी. उसकी परवरिश जरमुंडी थाना के भालकी गांव स्थित ननिहाल में हो रही थी. एकलौती संतान होने के कारण परिवार के भरण पोषण का दायित्व वह अपने कंधे पर उठाना चाहती थी. इसलिए वह जरमुंडी में सिलाई कढ़ाई का प्रशिक्षण ले रही थी. शव जब ननिहाल पहुंचा तो लोग शव को पैतृक गांव भैरोपुर ले जाने की मांग करने लगे. भैरोपुर गांव ले जाने के क्रम में शव को नोनीहाट बाजार में बीच सड़क पर रख कर लोगों ने सड़क जाम कर दिया. भागलपुर दुमका मार्ग पर आवागमन बाधित है. जाम स्थल पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व मंत्री लुइस मरांडी सहित काफी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता पहुंचे. लोग आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे है. सांसद निशिकांत दुबे ने शासन और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा. 

    लोगों को रहना होगा सर्तक

    डेढ़ महीने के भीतर दुमका जिला में दो पेट्रोल कांड हुए और दोनों कांड में जिले की दो बेटियों ने अपनी जान गवा दी. सवाल उठता है कि हत्या का यह ट्रेंड कितना घातक होते जा रहा है. इसे रोकने के लिए शासन और प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों को भी आगे आना होगा अन्यथा ना जाने कितनी बेटियां सिरफिरे आशिक के जुल्मों की शिकार होकर अपनी जान गंवाती रहेगी.

    रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news