मुख्यमंत्री के निजी सहायक अशोक सिन्हा का निधन, CM हेमंत ने जतायी परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं


रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने निजी सहायक (पीए) अशोक कुमार सिन्हा के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है. इसे व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति बताया है. कहा कि उनके आकस्मिक निधन की खबर से मन व्यथित है. मुझे लम्बे समय से उनका साथ मिला. वो एक सुलझे हुए कुशल व्यक्तित्व के दक्ष कर्मी थे. उनके निधन से हमसभी लोग काफी दु:खी हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
घर पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्री सिन्हा के न्यू एरिया मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा नमन किया. परिजनों को ढांढ़स बंधाया तथा गहरी संवेदना प्रकट की. मौके पर मुख्यमंत्री के मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद एवं वरीय आप्त सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव के अलावा मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय के सभी पदाधिकारी तथा कर्मियों ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत श्री सिन्हा को श्रद्धांजलि दी.
रिम्स में हुआ निधन
बता दें कि मुख्यमंत्री के निजी सहायक अशोक कुमार सिन्हा का आज रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया. वो पिछले एक सप्ताह से ब्रेन स्ट्रोक से संबंधित बीमारी से ग्रसित थे और रिम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाजरत थे. वर्तमान में दिवंगत सिन्हा मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री के निजी सहायक (पीए) के पद पर कार्यरत थे.
4+