पलामू (PALAMU): जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत चानकर कस्तूरी गांव से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां राधेश्याम प्रजापति का 23 वर्षीय पुत्र रिकेश कुमार बीते 17 दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता है. परिजनों के काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद अब तक उसका कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है. जिसके बाद लापता युवक के बड़े भाई ने 23 मई को हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से भाई की सुरक्षित बरामदगी के लिए गुहार लगाई है.
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, रिकेश प्रजापति बीते 7 मई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे हमेशा की तरह अपने घर से बाहर काम पर जाने के लिए निकला था. लेकिन, देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता होने लगी. परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर से सभी संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रिकेश की काफी तलाश की, मगर उसका कहीं कोई सुराग पता नहीं चल सका. गायब होने के बाद से ही युवक का मोबाइल नंबर भी लगातार बंद (स्विच ऑफ) बता रहा है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई है.
आपको बता दें, परिजनों ने लापता रिकेश का हुलिया बताते हुए आम लोगों से भी मदद की अपील की है. परिजनों के अनुसार, रिकेश प्रजापति का रंग सांवला है और उसकी लंबाई लगभग पांच फीट छह इंच है. घर से निकलते वक्त उसने लाल रंग का चेकदार शर्ट, भूरे रंग का जींस और नेवी ब्लू रंग का जूता पहन रखा था. पीड़ित परिवार ने अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस युवक के संबंध में कोई भी सुराग या जानकारी मिले, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस, हुसैनाबाद थाना या फिर परिजनों के मोबाइल नंबर 7210626551 पर सूचित करने का कष्ट करें.

