पलामू (PALAMU): जिले के पिपराटाड़ थाना क्षेत्र के अंबाबार पंचायत स्थित कर्मा गांव में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने गांव निवासी राजमुनि पाठक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में भय और सनसनी का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के अनुसार, राजमुनि पाठक रात में अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद थे. इसी दौरान कुछ लोग उनके घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर उनकी पत्नी से कहा कि बाहर कोई उन्हें बुला रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि वे दस मिनट में लौट आएंगे. लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिवार को चिंता होने लगी. रातभर तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला. सुबह करीब छह बजे घर से करीब 100 मीटर दूर महुआ के पेड़ के पास उनका शव बरामद हुआ.
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि घर में पति-पत्नी ही रहते थे. एक बेटा इंजीनियर है जो बाहर काम करता है, जबकि दूसरा बेटा रांची में नौकरी करता है. उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक एक दिन पहले ही रांची से गांव लौटे थे और पास में आयोजित एक शादी समारोह से भोजन कर घर आए थे. इसी दौरान ‘संजय मिस्त्री’ नाम लेकर उन्हें बाहर बुलाया गया, जिसके बाद यह वारदात हुई.
मृतक की पत्नी रेणु देवी ने आशंका जताई है कि यह हत्या जमीन विवाद के चलते की गई है. उनका कहना है कि पांकी के करार गांव में रिश्तेदारों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. सूचना मिलते ही पिपराटाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

