पलामू:11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की गई जान, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

    पलामू:11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की गई जान, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

    पलामू (PALAMU): पलामू जिला के हैदरनगर थाना के उत्तर कोयल मुख्य नहर स्थित मुखर्जी पुल के समीप खरगड़ा गांव का 11 हजार विद्युत प्रवाहित तार नहर पर गिरा था. उसी सड़क से सिमरसोत गांव निवासी 45 वर्षीय बिंदु मेहता व 12 वर्षीय उनका पुत्र बिपिन मेहता डीजल तेल लेने बाइक से जा रहे  थे. तभी वे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए जिससे बाइक समेत पिता पुत्र पूरी तरह जल गए. घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश है.

     बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

    ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को लगातार सूचना देने के बावजूद तार को दुरुस्त नहीं किया जाता है. जिससे इस तरह की घटनाएं होती है. घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर के अंचल पदाधिकारी संतोष कुमार, थाना प्रभारी अफजल अंसारी पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है.

    मृतक बिंदु मेहता के भतीजी की थी आज शादी

    ग्रामीणों ने बताया कि सेमरसोत गांव निवासी बिंदु मेहता की भतीजी की आज सोमवार को बारात आने वाली थी. बिंदु मेहता अपने इकलौते पुत्र बिपिन मेहता को बाइक पर साथ लेकर अहले सुबह डीजल तेल लेने जा रहे थे. जिससे शादी में जेनरेटर में तेल की कमी नहीं हो सके. घटना की सूचना मिलते ही बिंदु मेहता के परिवार सहित गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए. घटना से गांव में मातम का माहौल है. बिंदु मेहता के घर शादी की खुशी मातम ने बदल गई है. परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.

    विद्युत विभाग की लापरवाही से घटी घटना

     घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने एवं परिजनों को हर संभव मदद व मुआवजा दिलाने की बात कही है. बसपा के प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने व कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग कमजोर और गरीब लोगों पर केस कर परेशान करने के लिए है. विभाग को लगातार ग्रामीण जानकारी दे रहे थे. मगर विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने कहा कि सड़क क्रॉसिंग की जगह पर अर्थ के साथ जाली देने का प्रावधान है. लापरवाही में विभाग ने किसी भी सड़क के ऊपर से पार किया गया तार में जाली नहीं देने का कण करता है. परिणामस्वरूप इस तरह की घटनाएं होती हैं.

    रिपोर्ट: समीर हुसैन 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news