चार सौ क्विंटल अनाज घोटाले में पलामू उपायुक्त की बड़ी कार्रवाई, विधायक कमलेश ने की थी शिकायत

    चार सौ क्विंटल अनाज घोटाले में पलामू उपायुक्त की बड़ी कार्रवाई, विधायक कमलेश ने की थी शिकायत

    पलामू(PALAMU):राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एनएफएसए मद में अनियमितता बरतने व खाद्यान्न घोटाले के आरोप में उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने हुसैनाबाद के राज्य खाद्य निगम गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक अरविंद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है.  साथ ही जनसेवक अरविंद कुमार सिंह  से सोलह लाख एक हज़ार तीन सौ चौवालीस रुपये की वसूली करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है.निलंबन अवधि में जनसेवक का मुख्यालय सदर मेदनीनगर निर्धारित किया गया है. सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक पर होगा विभागीय कार्यवाही प्रारंभ, प्रपत्र "क" गठित करने का उप विकास आयुक्त को दिया गया निर्देश

    जनसेवक के निलंबन के पश्चात उपायुक्त ने हुसैनाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी को जनसेवक सह सहायक गोदाम प्रबंधक के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करते हुए प्रपत्र "क" में आरोप पत्र गठित कर एक सप्ताह के अंदर नियमानुसार अग्रसारित करने हेतु उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया है.इसी तरह उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद को जनवेसक से सोलह लाख एक हज़ार तीन सौ चौवालीस रुपये की वसूली करने हेतु निर्देशित किया है.

     जानें क्या है पूरा मामला

    दरअसल, हुसैनाबाद के विधायक कमलेश कुमार सिंह ने पलामू उपायुक्त से हुसैनाबाद के राज्य खाद्य निगम गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक अरविंद कुमार सिंह द्वारा खाद्यान्न का घोटाला किये जाने के संबंध में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी जिसके पश्चात उपायुक्त ने हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक संयुक्त जांच दल के द्वारा पूरे मामले की जांच करवायी जिसमें संधारित पंजी के अनुसार मिलान किए जाने के पश्चात चार सौ क्विंटल तैंतीस किलो छः सौ ग्राम खाद्यान्न कम पाया गया जिसके बाद डीसी ने हुसैनाबाद के राज्य खाद्य निगम गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक अरविंद कुमार सिंह से चार सौ क्विंटल तैंतीस किलो छः सौ ग्राम  खाद्यान्न के विरुद्ध वसूलनीय राशि सोलह लाख एक हज़ार तीन सौ चौवालीस रुपये वसूलने हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद को निर्देशित किया गया. ज्ञातव्य है कि जिले के उपायुक्त  दोड्डे खाद्यान्नों में अनियमितता को लेकर गंभर हैं इसी माह के 22 तारीख को पांकी के कोनवाई में अंगूठा लगवा कर लाभुक को राशन नहीं देने जाने के मामले में जन वितरण प्रणाली दुकानदार अजय कुमार सिंह को भी निलंबित किया गया था.

    रिपोर्ट: ज़फर हुसैन, पलामू


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news