पलामू (PALAMU): पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज खबर सामने आई है. लातेहार जिला बल के जवान पवन सिंह को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बता दें, 3 मई 2026 को हुई इस वारदात के मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह (30 वर्ष) ने पुलिस की दबिश के कारण 6 मई को माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी को 8 मई को रिमांड पर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित उसके आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की.
बता दें, इस कार्रवाई में घटना में इस्तेमाल किया गया 7.65 MM का एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), एक बुलेट मोटरसाइकिल (JH03R 4131), घटनास्थल से आरोपी का चश्मा और फायर किया गया खोखा विधिवत जब्त किया गया है.
पुलिस अनुसंधान के अनुसार, घायल जवान पवन सिंह के फर्दब्यान पर सदर थाना कांड संख्या-47/2020 के तहत धारा 109 बी.एन.एस. और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. आरोपी ऋषभ सिंह, जो मूल रूप से चांदो का निवासी है और वर्तमान में शाहपुर के विवेकानंद चौक पर रहता था, वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था. रिमांड के दौरान कड़ी पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया और उन सभी सबूतों को बरामद करवाया जो इस जघन्य अपराध को साबित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं. पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शनिवार, 9 मई 2026 को आरोपी को दुबारा न्यायिक हिरासत में भेजने हेतु न्यायालय के समक्ष उपस्थापित कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस अब मामले के अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और जांच जारी है.

