पलामू में ई-कल्याण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन शुरु, निकाली गई जागरूकता रैली

    पलामू में ई-कल्याण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन शुरु, निकाली गई जागरूकता रैली

    पलामू(PALAMU): झारखंड में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हजारों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है. सरकार की महत्वाकांक्षी ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. जिले के समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे पूरे जिले में छात्रवृत्ति योजना के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी.

    जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने इस अवसर पर कहा कि यह योजना अनुसूचित जनजाति,  अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा को आसान और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. उन्होंने कहा कि सभी पात्र छात्र समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें ताकि किसी भी योग्य विद्यार्थी को लाभ से वंचित न रहना पड़े.

    उन्होंने शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि वे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक छात्रों को आवेदन प्रक्रिया से जोड़ें. जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेगा. इस दौरान छात्रों को ई-कल्याण पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.

    शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ई-कल्याण पोर्टल पर पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके लिए महत्वपूर्ण तिथियां निर्धारित की गई हैं. शिक्षण संस्थानों द्वारा पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून है. वहीं छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है. इसके बाद संस्थानों द्वारा आवेदन सत्यापन 31 अगस्त 2026 तक और जिला नोडल अधिकारी द्वारा अंतिम सत्यापन 30 सितंबर तक पूरा किया जाएगा.

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने से पहले सभी छात्रों का आधार आधारित बैंक खाता KYC पूरा होना अनिवार्य है. साथ ही गलत या अधूरी जानकारी देने पर आवेदन स्वतः रद्द कर दिया जाएगा. ई-कल्याण छात्रवृत्ति योजना से जुड़ी सभी विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट और ई-कल्याण पोर्टल पर उपलब्ध हैं, जहां छात्र आसानी से पूरी प्रक्रिया समझ सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं.

     



    Related News