बोकारो: ग्रामीणों की पिटाई से विशेष समुदाय के एक युवक की मौत, गांव में धारा 144 लागू

    बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले के महुआटांड थाना क्षेत्र के धवैया गांव में एक विशेष समुदाय के 45 वर्षीय अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. अपुष्ट जानकारी के अनुसार प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या की गई. घटना गुरुवार की रात 7 से 8 बजे के बीच का बताया जा रहा है.

    रिम्स में इलाज के दौरान हुई मौत
    घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जिस समय युवक की पिटाई की गई, उस समय कुछ दूरी पर मूर्ति विसर्जन का जुलूस भी निकल रहा था. सुरक्षा में मौजूद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को गंभीर अवस्था में रामगढ़ अस्पताल भेजा. जहां चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया. मगर, रिम्स के चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया.

    गांव में कैम्प कर रही पुलिस
    गांव में आपसी तनाव उत्पन्न न हो इसके लिए रैपिड एक्शन फोर्स के साथ जिले की पुलिस पूरे गांव में कैम्प की हुई है. पूरे गांव में अगले आदेश तक धारा 144 लागू कर दी गई है. पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. बेरमो एसडीपीओ सतीश चंद्र झा ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले में मृतक के परिजनों के द्वारा 21 लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है. इसके बाद पुलिस के द्वारा 11 लोगों को पूछताछ के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं खबरों के अनुसार मृतक का गांव के ही दूसरे समुदाय की महिला के साथ अवैध संबंध था. जो ग्रामीणों को नागवार लग रही थी. हालांकि, इस बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है. बताया जाता है कि इसी कारण घटना को अंजाम दिया गया है.  पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

    रिपोर्ट: संजय कुमार, गोमिया/ बोकारो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news