NH पर अब शुरू हुआ "टंकी तोड़वा" गिरोह का आतंक, देखिये कैसे ली गई चालक की जान

    NH पर अब शुरू हुआ "टंकी तोड़वा" गिरोह का आतंक, देखिये कैसे ली गई चालक की जान

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद से सटे गिरिडीह के बॉर्डर इलाके में शुक्रवार को तड़के  नेशनल हाईवे पर एक ट्रक चालक की जान ले ली गई.  जान लेने वाले कोई और नहीं थे, बल्कि सड़क पर सक्रिय वाहनों से डीजल चुराने वाले गिरोह के लोग थे. गोली लगने के बाद ट्रक ड्राइवर सत्यनारायण प्रजापति को इलाज के लिए धनबाद लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.  वह राजस्थान  का रहने वाला था. अपराधियों ने उसकी  जांघ  में गोली मारी थी.  घटना के बाद  पुलिस पहुंची.  ट्रक चालक को पहले इलाज के लिए डुमरी के निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया ,जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. 
      
    धनबाद में इलाज के क्रम हुई मौत 
     
    धनबाद में उसकी मौत हो गई.  जानकारी दी गई है कि ट्रक ड्राइवर खलासी के साथ मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सामान अनलोड कर छत्तीसगढ़ के रायपुर लौट रहा था.  ट्रक में कोई गड़बड़ी आने पर इसरी  बाजार के तुरि  टोला के पास नेशनल हाईवे पर उसने ट्रक को खड़ा कर दिया.  चालक और सहचालक ट्रक में ही सो गए. चालक को कुछ तोड़ने की आवाज सुनाई दी. उसने खलासी  को उठाया, दोनों ने देखा कि तेल टैंक से डीजल निकालने के लिए उसके कवर  को तोड़ा जा रहा है.  ड्राइवर ने हल्ला शुरू कर दिया. उसके बाद चालक को  गोली मार दी गई. गोली मारने वाले मौके से फरार हो गए. 

    पांच की संख्या में पहुंचे थे अपराधी 
     
    सूत्र बताते हैं कि अपराधी पांच की संख्या में वहां पहुंचे थे.  कुछ तो ट्रक के तेल टंकी को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे और कुछ रोड के साइड पर खड़े थे.  ट्रक चालक ने  जब विरोध शुरू किया तो रोड साइड में खड़े एक  अपराधी ने फायरिंग कर दी.  जो ड्राइवर के जांघ  में लगी और उसके बाद उसकी मौत हो गई. नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रकों  से डीजल चुराने वाले कई  गिरोह  सक्रिय है.  यह बाकायदा महंगी गाड़ियों से देर रात को जीटी रोड पर पेट्रोलिंग करते हैं और जहां भी ट्रक खड़े मिल जाते, डीजल चुरा लेते है.  यह काम धनबाद जिले में भी होता है.  पुलिस जब भी सक्रिय होती है तो गैंग के लोग पकड़े जाते है. हथियार और बम भी इनके पास होता है. विरोध करने पर जान तक ले लेते है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news