कार्य में लापरवाही पड़ी भारी, तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण मोदी पर गिरी गाज, SSP ने किया सस्पेन्ड

    कार्य में लापरवाही पड़ी भारी, तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण मोदी पर गिरी गाज, SSP ने किया सस्पेन्ड

    रांची (RANCHI): जिले के तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण मोदी को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई. रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को उनके सस्पेंशन का आदेश जारी किया.

    जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यों को लेकर लंबे समय से प्रवीण मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे थे. कई मामलों में लापरवाही और प्रशासनिक ढिलाई की शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंची थीं. शिकायतों की समीक्षा के बाद एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

    बताया जा रहा है कि तमाड़ थाना पहले भी विवादों में रह चुका है. इससे पहले यहां के तत्कालीन थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रोशन कुमार को भी निलंबित किया गया था. रोशन कुमार के सस्पेंड होने के बाद प्रवीण मोदी को तमाड़ थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. हालांकि, उनके कार्यकाल में भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं देखने को मिला.

    पुलिस विभाग के सूत्रों के मुताबिक, विभागीय स्तर पर लगातार मिल रही शिकायतों और कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया. फिलहाल पुलिस मुख्यालय की ओर से मामले की आगे की प्रक्रिया जारी है. वहीं, तमाड़ थाना में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति को लेकर भी जल्द निर्णय लिया जा सकता है. इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.



    Related News