मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी नक्सली इजराइल पूर्ति, मिसिर की तलाश जारी

    मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी नक्सली इजराइल पूर्ति, मिसिर की तलाश जारी

    चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिम सिंहभूम जिले के कोल्हान जंगल में बुधवार सुबह से चल रही मुठभेड़ में एक लाख का इनामी नक्सली मारा गया है. कोल्हान जंगल के टोंटो थाना अंतर्गत रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी. जंगल से भारी मात्रा में हथियार भी मिले है. मारे गए नक्सली की पहचान इजराइल पूर्ति उर्फ अमृत के रूप में हुई है. मारा गया नक्सली इजराइल गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सांगाजाटा गांव का रहने वाला था. उसपर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था. उसे संगठन का सक्रिय सीटीआई कैडर माना जाता था. वह लंबे समय से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था. बुधवार सुबह से चल रही मुठभेड़ में किसी और नक्सली के मारे जाने या घायल होने की सूचना नहीं है. 

    अब सागेन अंगारिया रडार पर 
    सांगाजाटा गांव लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के कारण संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है. इसी वजह से इस इलाके पर सुरक्षा बलों की लगातार नजर बनी हुई है. यह क्षेत्र पूर्व में नक्सलियों की सक्रियता का प्रमुख केंद्र रहा है. इजराइल पूर्ति के मारे जाने के बाद इसी गांव का कुख्यात और इनामी नक्सली सागेन अंगारिया सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है. उसकी तलाश में सुरक्षाबलों द्वारा जंगल व आसपास के इलाकों में छापेमारी और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है. सागेन अंगारिया कई नक्सली घटनाओं में वांछित है और लंबे समय से फरार चल रहा है. 

    मिसिर की भी तलाश जारी
    एक नक्सली को मारने के बाद भी सुरक्षाबल कोल्हान के जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रहे है. एक हजार से अधिक जवान जंगल में नक्सलियों की तलाश कर रहे है. कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा और उसके दस्ते का भी इसी जंगल में छिपे होने की संभवना है. मिसिर की तलाश में सुरक्षाबल कोल्हान के जंगल में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहे है.

     



    Related News