विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने झरिया में यातायात थाने की उठाई मांग ,पढ़िए क्या गिनाये कारण 

    विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने झरिया में यातायात थाने की उठाई मांग ,पढ़िए क्या गिनाये कारण

    धनबाद(DHANBAD) |  झरिया  विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान झरिया में एक अन्य यातायात थाना खोलने की मांग की.  इस पर सरकार का जवाब था कि पुलिस मुख्यालय से प्रस्ताव प्राप्त होने पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सरकार करेगी.  झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने सवाल किया कि क्या यह बात सही है कि धनबाद ज़िले में  में कुल 56  थाने  और ओपी  पर एकमात्र यातायात थाना है.  इस  पर सरकार की ओर से स्वीकारात्मक जवाब दिया गया.  विधायक ने पूछा कि क्या यह बात सही है कि धनबाद में HURL, बीसीसीएल, ईसीएल , टाटा, टिस्को, एसीसी  आदि बड़ी औद्योगिक कंपनियों है.  झरिया, धनबाद, बाघमारा और निरसा  क्षेत्र में 24 घंटे भारी वाहनों का परिचालन होता है.  इस पर भी सरकार की ओर से स्वीकारात्मक जवाब दिया गया.  

    विधायक ने किया था सवाल 
     
    विधायक ने सवाल किया कि  मीनिंग क्षेत्र, जनसंख्या, घनत्व, वाहनों का अत्यधिक दबाव के कारण पूरे जिले की यातायात व्यवस्था एक ही यातायात थाना के भरोसे चल रही है.  इस कारण सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक  गतिविधियों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने में धनबाद यातायात पुलिस को भारी परेशानी होती है.  इस पर सरकार की ओर से आंशिक स्वीकारात्मक जवाब दिया गया.   सरकार की ओर से बताया गया कि यातायात थाना धनबाद में अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर अप्रिय घटनाओं पर अंकुश लगाया जा रहा है. विधायक ने सरकार से पूछा कि  क्या सरकार जिले में आम जनता को सुगम यातायात व्यवस्था मुहैया कराने और मोटर वाहन  अधिनियम को प्रभावी  तरीके से लागू करने के उद्देश्य से  यातायात थाना झरिया के सृजन का विचार रखती है.  हां तो कब तक, नहीं तो क्यों नहीं, इस पर कहा गया कि पुलिस मुख्यालय से प्रस्ताव प्राप्त होने पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो



    Related News