गिरिडीह अस्पताल में नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, फिर परिजनों ने की ऐसी हरकत रह जाएँगे दंग

    गिरिडीह अस्पताल में नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, फिर परिजनों ने की ऐसी हरकत रह जाएँगे दंग

    गिरिडीह(GIRIDIH): जिले के में सदर अस्पताल में एक नाबालिग लड़की ने अस्पताल के बाथरूम में ही एक नवजात शिशु को जन्म दे दिया, जिससे पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया. महिला स्वास्थ्यकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचीं और जच्चा और नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला. गर्भवती नाबालिग अपने परिजनों के साथ इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची थी. अस्पताल पहुंचने के बाद अचानक उसे बाथरूम जाने की जरूरत पड़ी, जहां कुछ ही देर में उसने बच्चे को जन्म दे दिया. जैसे ही यह घटना अस्पताल स्टाफ को पता चली, मौके पर हड़कंप मच गया. महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत पहुंचकर स्थिति को संभाला और जच्चा व नवजात दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला.

    घटना के बाद एक और गंभीर बात सामने आई. बताया जा रहा है कि नवजात के जन्म के बाद परिजन जिम्मेदारी निभाने के बजाय बच्चे को वहीं छोड़कर नाबालिग को लेकर अस्पताल से निकलने की कोशिश कर रहे थे. इस संदिग्ध हरकत की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और पुलिस को सूचित किया गया.

    सूचना मिलते ही नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. अस्पताल प्रशासन ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नाबालिग मां और नवजात को चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु इकाई भेज दिया, जहां दोनों का इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं.

    इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. एसपी को जानकारी दिए जाने के बाद सदर एसडीपीओ को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इतनी कम उम्र में वह गर्भवती कैसे हुई और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं. अस्पताल प्रशासन ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि समय पर कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई और दोनों की जान बचाई जा सकी. पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.

     



    Related News