कुआं से अधेड़ का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका 

    कुआं से अधेड़ का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    पलामू (PALAMU): ज़िला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कुडुवा गांव से दक्षिण दिशा में स्थित एक कुआं से एक अधेड़ का शव मिलने से गांव में सनसनी है. घटना की सूचना मिलने पर हुसैनाबाद के एएसआई ठाकुर दास मंडी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को कुआं से बाहर निकाला. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है. 

    परिजनों ने देर रात में भी की थी खोजबीन

    शव निकालने के बाद मृतक की पहचान हुसैनाबाद के कुड़वा गांव निवासी भागो पासवान 55 वर्ष के रूप में हुई है. इस संबंध में मृतक के भाई युगल पासवान ने हुसैनाबाद थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत की है. लिखित शिकायत में कहा है की उनके भाई रविवार की शाम चार बजे घर से कामत गांव के लिए  निकले थे. देर शाम घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की. मगर उनका पता नहीं चला. सोमवार की सुबह उनका शव गाव से कुछ दूरी पर स्थित कुआं से बरामद हुआ है.  शव निकालते समय उनका मुह गमझा से पूरी तरह बंधा हुआ था. उन्होंने शंका जाहिर की है की अज्ञात लोगों ने उनकी हत्या कर शव को कुआं में डाल दिया है. 

    छानबीन शुरू

    इस संबंध में हुसैनाबाद थाना के एसआई अजित कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन शुरू कर दी है. 

    रिपोर्ट: जफर हुसैन, पलामू



    Related News