धनबाद (DHANBAD): जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित राजबाड़ी ग्वाला पार्टी में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग ने एक घर को पूरी तरह तबाह कर दिया. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों ने शुरुआती प्रयास में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के सामने उनकी कोशिशें नाकाम रहीं.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी और अतिक्रमित सड़कों के कारण उन्हें घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक घर में रखा फर्नीचर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था. इस हादसे में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया. उन्होंने हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए तुरंत बाघमारा अंचल अधिकारी से फोन पर बात की और आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मुआवजा देने का निर्देश दिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में अतिक्रमण की वजह से दमकल की गाड़ियों को समय पर पहुंचने में परेशानी हुई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस घटना ने शहर में अतिक्रमण और बिजली व्यवस्था की खामियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है.
रिपोर्ट : नीरज कुमार


