धनबाद: लोको साइडिंग में गैस सिलेंडर लीक से लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

    धनबाद: लोको साइडिंग में गैस सिलेंडर लीक से लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

    धनबाद (DHANBAD): जिले के झरिया थाना क्षेत्र के लोको साइडिंग में उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक भीषण आग लग गई. बता दें कि गैस सिलेंडर में लीक होने की वजह से ये आग लगी है, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

    घटना के समय साइडिंग में गैस कटर से काम चल रहा था. जैसे ही आग भड़की, वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई. हालांकि, कई मजदूरों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए. उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टलने की बात कही जा रही है.

    इस साइडिंग में ठेकेदार के जरिए निजी मजदूरों से काम कराया जा रहा था, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे. मजदूरों को बिना उचित सेफ्टी उपकरणों के ही जोखिम भरे काम में लगाया गया था, जिससे हादसे की आशंका पहले से बनी हुई थी. इस लापरवाही ने घटना की गंभीरता को और बढ़ा दिया.

    फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है. राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, इस घटना ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है. माना जा रहा है कि जांच के बाद ही आग लगने के वजह साफ हो जाएंगा. स्थानीय लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना ना हो.

    रिपोर्ट- नीरज

     



    Related News