गिरिडीह (GIRIDHI): जिले के सरिया थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय महिला बिंदिया देवी की कुएं में कूदने से मौत हो गई. यह घटना चौधरीडीह गांव के श्याम नगर टोला की है, जहां बिंदिया देवी अपने पति चंदन कुमार के साथ रहती थी. जांच के अनुसार, बिंदिया देवी ने कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या फिर किसी घरेलू विवाद के चलते हत्या की गई है. घटना के बाद मामला और भी गंभीर हो गया.
सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले हजारीबाग के बरही से गांव पहुंचे. अपनी बेटी का शव देखते ही उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बिंदिया के ससुराल वाले घर में आग लगा दी.देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और सामान जलकर राख हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए दो थाना की पुलिस गांव में कैंप कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और बिंदिया देवी की मौत के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है.
रिपोर्ट- दिनेश कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


