गढ़वा(GARHWA): जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला. इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया और खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं. यह घटना मकरी पंचायत के कुंवरठीका गांव की है, जहां 50 वर्षीय सुरेंद्र सिंह का शव बहेरवाखाडी जंगल में जामुन के पेड़ से लटका हुआ पाया गया. सुबह गांव की कुछ महिलाएं महुआ चुनने के लिए जंगल गई थीं. इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी. यह देखकर महिलाएं घबरा गईं और शोर मचाने लगीं.
महिलाओं की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन घटनास्थल पर जुट गए. सुरेंद्र सिंह की भतीजी की शादी थी और घर में जश्न का माहौल था. रात करीब 10 बजे तक उन्हें घर पर देखा गया था. सुबह जब वे अचानक घर में नहीं मिले, तो परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए. इसी दौरान जंगल में शव मिलने की सूचना आई, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना के एसआई अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया.
एसआई अमित कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक ओर शादी की खुशियां थीं, वहीं अब गम का माहौल पसरा हुआ है.

