गजराज के आतंक से हुए नुकसान पर 20 लाख का मिले मुआवजा, मांडू विधायक ने उठाई मांग

    गजराज के आतंक से हुए नुकसान पर 20 लाख का मिले मुआवजा, मांडू विधायक ने उठाई मांग

    रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन जनहित के कई मुद्दों पर जोरदार चर्चा हुई. कृषि विभाग के बजट पर बोलते हुए मांडू विधानसभा क्षेत्र से निर्मल महतो ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से सदन में रखा. उन्होंने कहा कि रामगढ़ जिले में धान खरीद की प्रक्रिया सुचारु रूप से नहीं चल रही है, जिसके कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

    विधायक ने बताया कि कई किसानों को दो से ढाई महीने तक भुगतान का इंतजार करना पड़ रहा है. रमजान और होली जैसे त्योहारों के साथ-साथ विवाह समारोह का समय नजदीक है, ऐसे में किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता की आवश्यकता है. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि लंबित भुगतान जल्द जारी किया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके.

    निर्मल महतो ने यह भी आरोप लगाया कि बिचौलियों की सक्रियता के कारण स्थानीय किसानों का धान प्राथमिकता से नहीं खरीदा जा रहा है. उन्होंने दारू प्रखंड के किसानों के भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठाया और मांग की कि अगले सत्र से पहले खरीद व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएं.

    सिंचाई व्यवस्था पर चिंता जताते हुए विधायक ने कहा कि दामोदर नदी और कोनार डैम का पानी अन्य क्षेत्रों में आपूर्ति किया जा रहा है, जबकि मांडू क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं. उन्होंने स्थानीय कृषि केंद्रों को सशक्त करने और जल प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.

    इसके अलावा जंगली हाथियों से फसलों और जान-माल को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी सदन में उठा. विधायक ने सरकार से अपील की कि ऐसे मामलों में मुआवजे की राशि बढ़ाकर 20 लाख रुपये की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहारा मिल सके.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news